आज से दूरदर्शन पर क्लासरूम शैक्षणिक कार्यक्रम का प्रसारण

लोक शिक्षण आयुक्त श्री जयश्री कियावत के द्वारा जारी पत्र का हवाला देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री एसपी त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार 11 मई से दूरदर्शन मध्यप्रदेश पर कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों हेतु शैक्षणिक कार्यक्रम क्लासरूम प्रसारित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम तीस जून तक जारी रहेगा।


               ज्ञातव्य हो कि कोरोना संक्रमण के कारण विद्यालयों में नियमित कक्षाएं संचालित होने की तिथि अभी सुनिश्चित नही की जा सकी है इस समय विद्यार्थी पूरे समय घर पर ही होते है। उपरोक्त परिस्थितियों को ध्यानगत रखते हुए लोक शिक्षण विभाग द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन हेतु डिजीटल प्लेटफार्म का अधिक से अधिक उपयोग करने का निर्णय लिया गया है।


               पूर्व से ही डिजीलेप कार्यक्रम के तहत वाट्सएप ग्रुप एवं स्थानीय केवल के माध्यम से शैक्षणिक सामग्री विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा रही है परन्तु इन माध्यमों से सभी विद्यार्थियों तक हमारी पहुंच नही हो पा रही है।


               दूरदर्शन मध्यप्रदेश चैनल प्रदेश के सुदूर ग्रामीण अंचलों तक प्रसारण की पहुंच रखता है अतः विभाग द्वारा कक्षा दसवीं एवं बारहवीं हेतु शैक्षणिक कार्यक्रम, क्लासरूम का प्रसारण, दूरदर्शन के माध्यम से किया जाएगा। उपरोक्त कार्यक्रम की शुरूआत 11 मई से होगी। इस कार्यक्रम में दूरदर्शन मध्यप्रदेश के चैनल से सोमवार से शुक्रवार दोपहर 12 बजे से एक बजे तक कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों हेतु तथा दोपहर तीन बजे से चार बजे तक कक्षा 12वीं के शैक्षणिक कार्यक्रम क्लासरूम का नियमित प्रसारण शुरू होगा।


संपादक: आदर्श तिवारी