lockdown 3.0 : ग्रीन, ऑरेंज जोन में क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा? यहां जानिए सब कुछ

lockdown 3.0 guidelines: भारत में कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए सरकार ने लॉकडाउन (Lockdown In India) की अवधि को 3 मई के बाद से 2 हफ्तों के लिए बढ़ा दिया है। हालांकि, इस दौरान लॉकडाउन के नियमों में कुछ ढील भी दी गई है। जानिए रेड, ऑरेज और ग्रीन जोन में क्या चलेगा औऱ किस पर प्रतिबंध जारी रहेगा...



हाइलाइट्स



  • देश में कोरोना का कहर जारी, सरकार ने बढ़ाई लॉकडाउन की मियाद

  • रेड जोन में कंटेनमेंट जोन को छोड़कर बाकी हिस्सों में मिली कुछ छूट

  • शॉपिंग मॉल, स्कूल-कॉलेज और यात्रा पर प्रतिबंध, दवा की दुकानें खुली रहेंगी

  • आवाजाही रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन को कर्फ्यू लगाने की छूट


नई दिल्ली
कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए केंद्र सरकार ने लॉकडाउन की अवधि को 3 मई के बाद 2 हफ्तों के लिए बढ़ा दिया है। हालांकि इस दौरान लॉकडाउन की शर्तों में बदलाव भी किया गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण के आधार पर देश के सभी जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांट दिया है। इनमें से ग्रीन और ऑरेंज जोन में शर्तों के साथ लॉकडाउन में कुछ ढील दी जाएगी। ऐसे में आपके लिए यह समझना जरूरी है कि आपका जिला किस जोन में आता है और फिर उसी हिसाब से आपके इलाके में छूट और प्रतिबंध रहेगा।


प्लेन, सामान्य ट्रेनें, स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे
गृह मंत्रालय ने साफ बताया है कि लॉकडाउन के दौरान पूरे देश में हवाई यात्रा, सामान्य रेल, मेट्रो और सड़क मार्ग से अंतर्राज्यीय परिवहन के साथ ही स्कूल, कॉलेज और शैक्षिक संस्थानों का संचालन भी बंद रहेगा। इसके अलावा कोचिंग संस्थान, रेस्टोरेंट, होटल, पूजा स्थल और लोगों के एक जगह एकत्र होने पर रोक जारी रहेगी।



शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक प्रतिबंध
सरकारी आदेश के अनुसार, शाम को 7 बजे से सुबह सात बजे तक सभी प्रकार के गैर जरूरी यात्रा पर प्रतिबंध रहेगा। स्थानीय प्रशासन लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए सीआरपीसी की धारा 144 के अंतर्गत कर्फ्यू की घोषणा भी कर सकता है। सभी जोन में गर्भवती महिलाओं, 65 साल के अधिक आयु के बुजुर्गों और 10 साल से कम उम्र के बच्चों को घर में रहना जरूरी होगा।


 


अब समझिए रेड जोन के बारे में
प्रतिबंध
रेड जोन घोषित किए गए जिलों में साइकिल रिक्शा, ऑटोरिक्शा, टैक्सी और कैब के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं कंटेनमेंट जोन में सभी प्रकार की गतिविधियां पूर्णत प्रतिबंधित होंगी। रेड जोन में नाई की दुकानें अभी बंद रहेंगी।


छूट
ग्रामीण क्षेत्रों में सभी प्रकार की औद्योगिक और विनिर्माण के कार्य, मनरेगा के कार्य, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, ईंट-भठ्ठे पर काम जारी रहेंगे। शहरी क्षेत्रों में भी शॉपिंग मॉल को छोड़कर दुकानें खुलेंगी। इसके अलावा रेड जोन में कृषि कार्य, पशुपालन, मछली पालन के लिए भी अनुमति दी गई है। रेड जोन घोषित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्लांटेशन का कार्य, सभी प्रकार के स्वास्थ्य सेवाएं, मरीजों को एयर एंबुलेंस से ले जाने की भी छूट दी गई है।


आरेंज जोन में टैक्सी चल सकती है
इस जोन में रेड जोन की सभी छूट जारी रहेंगी, साथ ही lockdown 3.0 में टैक्सी और कैब को भी संचालन की अनुमति होगी लेकिन, इसमें ड्राइवर के अलावा एक पैसेंजर से ज्यादा लोग नहीं होने चाहिए। इसके अलावा छूट प्राप्त सेवाओं में शामिल लोगों और व्हीकल को जिले के बाहर आने-जाने की अनुमति होगी। चार पहिया गाड़ियों में ड्राइवर के अलावा दो पैसेंजर ही बैठ सकते हैं। वहीं, बाइक पर पीछे एक सवारी के बैठने की अनुमति होगी।



शाम 7 से सुबह 7 बजे तक पाबंदी


सभी गैर-जरूरी गतिविधियों के लिए लोगों की आवाजाही पर शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक सख्त पाबंदी रहेगी। ग्रीन जोन में भी शाम 7 से सुबह 7 बजे तक फालतू में घूमना-फिरना मना रहेगा। लोकल अथॉरिटीज को इसका सख्ती से पालन करवाने के लिए CrPC की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा (कर्फ्यू) जैसे आदेश जारी करने को कहा गया है।


ग्रीन जोन वालों को ज्यादा छूट मिलेगी
ग्रीन जोन घोषित जिलों में पूरे देश में प्रतिबंधित सेवाओं और एक्टिविटी को छोड़कर अन्य सभी एक्टिविटी को अनुमति दी गई है। ग्रीन जोन में 50 फीसदी लोगों के साथ बसें चल सकती हैं और डिपो में भी 50 फीसदी क्षमता के साथ काम करने की अनुमति होगी।

ग्रीन जोन में शराब और पान की दुकान खोलने की अनुमति
गृह मंत्रालय के नए निर्देशों में ग्रीन जोन में शराब और पान की दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है लेकिन एक दूसरे से दो गज की दूरी रखनी होगी और एक समय में पांच से ज्यादा लोग मौजूद नहीं रह सकते हैं।



देश में 319 जिले ग्रीन जोन, जबकि 130 जिले रेड जोन में
गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई जिलों की सूची में तीन मई के बाद 130 जिलों को रेड, 284 को ऑरेंज और 319 जिलों को ग्रीन जोन में शामिल किया गया है। वहीं, देश के बड़े शहरों में शामिल दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, बंगलूरू, अहमदाबाद को अब भी रेड जोन में ही रखा है। बता दें कि यहां कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।